Sunday, 13 November 2011

फोन पर पत्नी की होती थी बात, जलन में दरिंदा बन गया पति!



 
पठानकोट. सुजानपुर स्थित रेलवे क्र्वाटर में रहने वाली एक नवविवाहिता की गुरुवार को रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत पर बवाल पैदा हो गया है।


एकतरफ मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके पति मोहम्मद सबीर आलम ने तयमुल शाह (22) का गला घोट कर हत्या की है। वहीं, सबीर आलम का कहना है कि तयमुल ने पंखे से लटक कर खुदकुशी की है। तयमुल शाह मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही है। उसकी 10 माह पहले ही शादी हुई थी।

मृतका के भाई मुश्ताक अहमद ने बताया कि उसका जीजा सबीर आलम दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। शादी के तीन महीने बाद सबीर ने तयमुल को सुजानपुर यह कहकर भेज दिया कि तुम सुजानपुर जाकर अपनी पढ़ाई पूरी कर लो। शादी के तीन महीने बाद ही तयमुल सुजानपुर आ गई थी और वे यहां एक कालेज में स्नातक की डिग्री कर रही थी।

एक सप्ताह पहले सबीर आलम अपनी पत्नी से मिलने सुजानपुर आ गया था। बुधवार रात तयमुल और सबीर घर में अकेले थे। सबीर का वीरवार को फोन आया कि तयमुल ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। जब वे घर पहुंचे तो उसकी बहन मर चुकी थी। भाई मुश्ताक ने आरोप लगाया कि कमरे में न तो कोई रस्सी थी और न ही बहन के गले पर कोई ऐसा निशान था। उन्होंने सुजानपुर पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति और पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा

सूत्रों का कहना है कि तयमुल शाह फोन पर बातें करती थी। जिसे लेकर सबीर आलम और तयमुल शाह में झगड़ा रहता था। बुधवार को भी मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर झगड़े का कारण बताया जा रहा है।

पुलिस की तरह आप भी कर लें खानापूर्ति

पुलिस ने बेशक तयमुल शाह के पति सबीर आलम को हिरासत में ले लिया है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद महिला की मौत की गुत्थी सुलझा नहीं पाई है। सुजानपुर थाना में तैनात मुंशी से जानकारी हासिल करनी चाही तो उनका कहना था कि पुलिस ने भी मात्र खानापूर्ति करनी है और आप भी खानापूर्ति कर लें। बाकी मृतका की मां के आने पर ही अगली कार्रवाई होगी। यहीं नहीं पुलिस ने मृतका का नाम भी कागजों पर तोहीमनी शाह के नाम से इंट्री की हुई है।

शक की सूई पति पर

इस मामले में शक की सूई पूरी तरह मृतका के पति पर जा रही है क्योंकि अगर मृतका ने पंखे से लटक कर खुदकुशी की है तो पति ने उस समय आसपड़ोस के लोगों या पुलिस को क्यों नहीं बुलाया। इसके अतिरिक्त मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि वह तो ट्रेन के माध्यम से वहां से भागना चाहता था। परंतु उसके(भाई) के समय पर पहुंच जाने के कारण संभवतया ऐसा नहीं कर सका।

मृतक महिला की मां अभी राज्य से बाहर है। उसे वारदात के बारे में बता दिया गया है। उसके आने के बाद बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. सुरिंदर कालिया, एसएसपी, पठानकोट।

No comments:

Post a Comment