गाने के बहाने 'साइलेंट बार' में हो रहा था जिस्म का सौदा!
मुंबई। यहां के बोरीवली इलाके में एक रेस्टोरेंट एंड बीयर बार की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट के खुलासे ने सनसनी फैला दी है. इस रैकेट का खुलासा गुरुवार की रात तब हुआ जब पुलिस ने सुराग मिलने के बाद इस रेस्टोरेंट पर छापा मारा. दरअसल सिंगर बनकर आईं लड़कियां इस देह व्यपार को चला रही थीं.
पुलिस की मानें तो मुंबई के बोरीवली इलाके के निशांत रेस्टोरेंट एंड बीयर बार की आड़ में ये सेक्स रैकेट चल रहा था। गाने के बहाने ये लड़कियां आती थीं लेकिन करती थीं यहां देह का सौदा। बार के मैनेजर और कैशियर की मिलीभगत से ये हो रहा था।
पुलिस ने यहां एक फर्जी ग्राहक भेजा। फर्जी ग्राहक का इशारा मिलते ही पुलिस ने यहां दबिश डाली। पुलिस ने यहां से कुल 24 लड़कियों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब चार लाख रुपये भी बरामद किए। पुलिस का मानना है कि ये रकम देह-व्यापार के एवज में ही आई थी।
इस गंदे धंधे को फूल प्रुफ बनाने के लिए पूरे उपाए किए गए थे। पुलिस को पूरे मामले की भनक न लगे और अगर भनक लग भी जाए तो लड़कियों को सुरक्षित तरीके से भगाया जा सके, सबूतों को मिटाया जा सके इसके पूरे इंतजाम किए गए थे।
इस बीयर बार में दो फ्लोर हैं। ग्राउंड फ्लोर पर दिखावे का बीयर बार और रेस्तरां चलता तो पहली मंजिल पर होता था देह-व्यापार। इस जगह को यहां कहा जाता था साइलेंट बार। यहां इस तरह के कई केबिननुमा हिस्से बनाए गए थे। जहां एक टेबल के अलावा बैठने का इंतजाम था और दो केबिननुमा हिस्से के बीच इतनी ऊंची लकड़ी की दीवार बनाई गई कि दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे की हरकतों को न देख पाएं। पुलिस का दावा है कि यहां हर वक्त अंधेरा रखा जाता था और लड़कियां ग्राहकों को लेकर यहीं आती थीं।
होटल के बाहर एक घंटी लगाई गई थी। पुलिस के पहुंचते ही इसे कोई कर्मचारी बजाता था। इस घंटी के बजते ही बार की पहली मंजिल पर लगी लाल बत्तियां जलने-बुझने लगती थीं। इन बत्तियों का जलना खतरे का इशारा था। एक बार इन बत्तियों के जल जाने के बाद लड़कियां चेत जातीं।
एक दरवाजे पर नो स्मोकिंग का बोर्ड लगाकर भरमाने की कोशिश की गई थी लेकिन असल में ये लड़कियों को होटल से सुरक्षित भागने देने वाली राह थी। ये रास्ता पड़ोस की बिल्डिंग की छत तक पहुंचता थी। इसके बाद इस छत से उतरती सीढ़ियां सड़क पर निकलती थीं।
लड़कियों को छुपाने और भगाने के लिए पड़ोस की दुकान की भी मदद ली जाती थी। पुलिस का दावा है कि बार प्रबंधकों ने पड़ोस की दुकान में लड़कियों को छुपा कर रखा था। बाहर से दुकान को बंद कर दिया गया था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर यहां से 15 लड़कियों को छुड़ाया। पुलिस का दावा है कि सड़क के जिस किनारे साजिश की सीढ़ियां निकलती हैं वहां एक कार पहले से तैयार खड़ी थी। कार से इन लड़कियों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने की योजना थी लेकिन पुलिस ने लड़कियों के साथ ही इस कार को भी बरामद कर लिया।
साफ है, पूरी साजिश काफी सोच-समझकर तैयार की गई थी लेकिन तमाम तिकड़मों के बावजूद सारी होशियारी धरी की धरी रह गई। पुलिस ने इन लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन लड़कियों के अलावा बार के मैनेजर और कैशियर को भी गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है।
No comments:
Post a Comment