Wednesday, 14 December 2011

mem saab manju


फिरंगी मेम साब के इश्क में महाराजा..और नाम पड़ा स्कैंडल प्वाइंट

हिमाचल. चंडीगढ़.‘इतिहास को बना भी सकते हैं और छुपा भी सकते हैं।’ यह कहना है ‘स्कैंडल प्वाइंट’ नॉवल की लेखिका मंजु जैदका का।


इस उपन्यास का वीरवार को सेक्टर-17 स्थित यूटी की स्टेट लाइब्रेरी में लोकार्पण किया जाएगा। बुधवार को अपने अंग्रेजी के नए नॉवल ‘स्कैंडल प्वाइंट’ के बारे में बताते हुए जैदका ने कहा कि उन्होंने इतिहास से जुड़ी कई किताबें पढ़ी हैं। उन्हें हिस्ट्री से जुड़े रोचक किस्सों में सदा ही दिलचस्पी रही है।

स्कैंडल प्वाइंट से जुड़ी प्रेम कहानी ने उन्हें भी प्रभावित किया और यही कारण है कि उनका नया नॉवल ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को लेकर एक महाराजा और अंग्रेज महिला के इर्द-गिर्द घूमता है।

इस उपन्यास में बताया गया है कि किस तरह से 1892 में स्कैंडल प्वाइंट शिमला से एक नौजवान, होनहार प्रांत के महाराजा ने एक अंग्रेज लड़की से प्रेम किया और उसे भगा ले गया। उसी पृष्ठभूमि को जैदका ने लोगों से सुनी बातों, किताबों से मिली जानकारी और अपनी कल्पना के रंग देकर इसकी कथावस्तु का ताना-बाना बुनने का प्रयास किया है।

जैदका ने बताया कि उन्होंने इस नॉवल में पात्रों के माध्यम से हिमाचल और पंजाब की संस्कृति का भी वर्णन किया है। नॉवल में बताया गया है कि एक सदी पहले किस तरह से पंजाब के रीति-रिवाज व त्योहार मनाए जाते थे।

जैदका ने बताया कि इस उपन्यास में रूमानियत के अलावा शिमला के प्राकृतिक नजारों का भी उन्होंने वर्णन किया गया है। यही नहीं उस समय के अंग्रेजी और पंजाबी गीतों, शब्दों को भी उन्होंने इसमें जोड़ने का प्रयास किया है। उपन्यास के विषय ‘स्कैंडल प्वाइंट’ के बारे में जैदका ने बताया कि यह शिमला की मशहूर जगह है।

इस जगह के आसपास हेरिटेज बिल्डिंग्स भी हैं और इस जगह में रोमांटिक किस्सा जुड़ने से यह जगह और भी अहम हो जाती है। उपन्यास का नाम ‘स्कैंडल प्वाइंट’ लोगों में जिज्ञासा का भाव जरूर लाएगा, यही सोचकर उन्होंने इस उपन्यास का नाम रखा है।

मंजु ने बताया कि पटियाला में उनकी ससुराल है, इस वजह से वहां की संस्कृति और किस्सों ने उन्हें खूब प्रभावित किया है। जैदका अब तक 11 के करीब किताबें लिख चुकी हैं यह उनकी 12वीं पुस्तक है।

No comments:

Post a Comment